दिल्ली में विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रतिक्रिया आ गई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि भाजपा की 55 सीटें आ रही हैं, हमारे उम्मीदवारों को फोन क्यों कर रहे हैं।
गरमाती सियासत के बीच आप के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि भाजपा उनके उम्मीदवारों पर डोरे डाल रही है। अब तक उनके 16 उम्मीदवारों को भाजपा की तरफ से फोन किया जा चुका है। उन्हें लालच देकर भाजपा में शामिल करवाने की कोशिश की जा रही है।
'सभी सर्वे फर्जी हैं': केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि अगर ज्यादा सीटें आ रहीं हैं तो आप उम्मीदवारों को फोन करने की क्या जरूरत है। सभी सर्वे फर्जी हैं। इसके माध्यम से दिल्ली में माहौल बनाकर आप के उम्मीदवारों को साधने की कोशिश की जा रही है। वहीं मुख्यमंत्री आतिशी ने भी एक्स पर पोस्ट कर भाजपा पर निशाना साधा है।
सीएम आतिशी ने भी दी एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया
एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि अगर गाली गलौज पार्टी की 50 से ज्यादा सीटें आ रही हैं, तो यह हमारे प्रत्याशियों को संपर्क करके तोड़ने की कोशिश क्यों कर रहे हैं? यह दिखा रहा है कि एग्जिट पोल एक साजिश है। आम आदमी पार्टी के विधायकों को तोड़ने की।