पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने डेंगू, मलेरिया एवं चिकुनगुनिया की रोकथाम के लिए कवायद तेज की। इस सिलसिले में शाहदरा उत्तरी क्षेत्र के जन स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को वजीराबाद स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में लगभग 1500 पुलिस कर्मचारियों को इन बीमारियों की उत्पत्ति, कारकों और उसकी रोकथाम के बारे में जागरूक किया।
इस मौके पर उपस्वास्थ्य अधिकारी, डा. माधुरी पंत, कीटविज्ञानी शालिनी कोहली, जनस्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारियों सहित शाहदरा उत्तरी क्षेत्र में स्थित पुलिस थानों के काफी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। इस दौरान डॉ. माधुरी पंत ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम और पुलिस विभाग दोनों ही जनसेवा के लिए कार्य करते हैं। इसलिए मच्छर जनित रोगों की रोकथाम बीके लिए दोनों का आपसी सहयोग जरूरी है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नगर निगम की इस मुहिम में अपना सहयोग करने की अपील की।
शालिनी कोहली ने प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार पूर्वक मच्छरों के जीवन चक्र के बारे में बताया। इसके अलावा शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के क्षेत्रीय मुख्यालय में अन्तर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य पूर्वी दिल्ली नगर निगम में मच्छर जनित बीमारियों के रोकथाम एवं उपचार हेतु विभिन्न विभागों की भागीदारी को सुनिश्चित करना था। इस मौके पर शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र की उपायुक्त आर मेनका, उप स्वास्थ्य अधिकारी डा. संतोष तोमर, कीटविज्ञानी डा. पारुल जैन ने भी हिस्सा लिया।