दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया
- फोटो : ANI
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को कहा कि अगर कोई दिल्ली में रह रहा है तो हम उसे दिल्ली का नागरिक मानते हैं। फिर भी कई लोग अपने गृह राज्य वापस जाना चाहते थे। 7 मई से अबतक 196 ट्रेनों के माध्यम से 2,41,000 लोगों को उनके गृह राज्य भेजा जा चुका है।
इसमें करीब 1.25 लाख लोगों को बिहार, 9661 को उत्तर प्रदेश, तीन हजार को उत्तर प्रदेश, 2500 को पश्चिम बंगाल और 2100 को मध्यप्रदेश भेजा गया है। सिसोदिया ने बताया की ज्यादातर मामलों में दिल्ली सरकार ने ट्रेन के किराए का भुगतान किया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 2500 केंद्रों पर दिल्ली सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों को लंच और डिनर दिया जा रहा है।
बसों से रेलवे स्टेशन भेजे गए बिहार और यूपी के 700 श्रमिक
लॉकडाउन के बाद बीते दो माह से घर जाने का इंतजार कर रहे उत्तर प्रदेश और बिहार के 700 श्रमिकों को डीटीसी की बसों से रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया। द्वारका सेक्टर-छह स्थित स्कूल में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही यात्रियों को बसों में सवार होने दिया गया।
नोडल अफसर राजीव कुमार ने बताया कि श्रमिकों को बसों में रवाना करने से पहले खाना मुहैया कराया गया। इस दौरान उन्हें फल भी बांटे गए। बसों में 20 से अधिक यात्री नहीं बैठाए जा रहे हैं। करीब दो महीने तक तमाम मुश्किलों का सामना करने के बाद घर जाने का इंतजार कर रहे मुकेश और धर्मवीर ने बताया कि यहां काम नहीं है, इसलिए पैसे भी खत्म हो गए। हालांकि दोनों का कहना है वे वापस लौटकर आएंगे।