पारिवारिक विवाद में पिछले छह साल से गायब चल रहे पति को पत्नी ने उसके ही घर पर रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि ससुराल वालों ने महिला को कमरे में बंधक बना लिया। बाद में पति, सास-ससुर और देवर ने 27 वर्षीय महिला को बुरी तरह पीटा। पीड़िता ने किसी तरह पुलिस को कॉल कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को आरोपियों को चंगुल से छुड़ाया। पीड़िता की शिकायत पर गाजीपुर थाना पुलिस ने बंधक बनाकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने के अलावा अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अपने आठ साल के बेटे के साथ गाजीपुर इलाके में रहती है। वर्ष 2014 में इनकी नासिर खान नामक युवक से शादी हुई थी। नासिर पेशे से शेफ है। शादी के बाद दोनों के यहां एक बेटा हुआ। लेकिन कुछ ही दिनों बाद नासिर ने पीड़िता से मुंह मोड़ना शुरू दिया। उसका कहना था कि शादी उसकी मर्जी के खिलाफ हुई है। आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में नासिर के माता-पिता भी उसका साथ देते।
पीड़िता ने परेशान होकर साहिबाबाद, गाजियाबाद थाने में आरोपी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज करा दिया। विवाद होने के बाद नासिर के माता-पिता ने केस से अपना पीछा छुटाने के लिए उसे जायदाद बेदखल कर दिया। इस दौरान नासिर फरार हो गया। पिछले छह साल से नासिर गायब था। अदालत ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए हुए थे।
नासिर के माता-पिता ने भी कोर्ट में बेटे की जानकारी न होने के बयान दर्ज कराए हुए थे। इस दौरान पीड़िता को पता चला कि नासिर अपने माता-पिता के साथ ही दूसरी शादी करके रहता है। शनिवार को पीड़िता घड़ौली गांव स्थित अपनी ससुराल पहुंची तो उसका पति उसे गली में मिल गया। आरोपी भागकर अपने घर में घुस गया। वहां पीड़िता भी वहां पहुंच गई। उसको देखकर ससुराल में अफरा-तफरी मच गई। आरोप है कि नासिर, उसके माता-पिता व देवर ने उसे कमरे में बंधक बनाकर पीटा। पीड़िता ने पुलिस को कॉल की तो पुलिस ने उसे पति के घर से ही मुक्त कराया। बाद में उसका बयान लेकर मामला दर्ज किया गया। अब गाजीपुर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।