अपराध शाखा की नारकोटिक्स सेल ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो किलो हेरोइन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी की पहचान सुलेमान किराड़ी निवासी निशान सिंह (42) के रूप में हुई। आरोपी से पूछताछ में गैंग के सरगना की पहचान सुल्तानपुरी निवासी संजीत उर्फ जंगड़ा के रूप में हुई है, जो आरोपी का जीजा है और फिलहाल फरार है। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके सरगना ने अपना घर महल की तरह बना रखा है। उनके दरवाजे और खिड़की में स्टील के ग्रिल लगे हैं।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अजीत कुमार सिंघला ने बताया कि निरीक्षक बृजपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि निशान सिंह हेरोइन की तस्करी में लिप्त है और वह अपने सहयोगी संजीत के साथ दिल्ली व एनसीआर में हेरोइन की सप्लाई करता है। सूचना मिली कि 1 जुलाई को निशान सिंह हेरोइन की बड़ी खेप का सप्लाई करने वाला है। पुलिस ने अमन विहार इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने सप्लायर से ढाई किलो हेरोइन ली थी, जिसमें से पांच सौ ग्राम बेच चुका है। पुलिस ने उसके निशानदेही पर गैंग के सरगना संजीत के सुल्तानपुरी स्थित घर पर दबिश दी लेकिन वह फरार हो गया। निशान सिंह पर आबकारी अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। पहले वह शराब की तस्करी करता था लेकिन कुछ माह से ड्रग की तस्करी करने लगा। पुलिस हेरोइन सप्लाई करने वाले उसके जीजा की तलाश कर रही है।