दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने झपटमारी और एटीएम लूट के मामले में फरार चल रहे 20 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बादशाहपुर, गुरुग्राम निवासी हरिचरण (22) के रूप में हुई है।
करीब तीन साल पहले आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर डाबड़ी इलाके में एक शख्स से मोबाइल व कैश लूट लिया था। तभी से फरार था। एक सूचना के बाद सोमवार आरोपी को आश्रम इलाके से दबोचा गया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 21 जनवरी 2018 को बाइक सवार दो बदमाशों ने डाबड़ी इलाके में मिथिलेश नामक युवक से उसका मोबाइल व पर्स लूट लिया था। राजेश उर्फ टीनू को पब्लिक ने मौके से पकड़ लिया था, जबकि उसका साथ मौके से फरार होने में कामयाब हो गया था। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी।
18 जनवरी 2019 को कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। इस बीच बिंदापुर इलाके में वह एटीएम लूट की वारदात में भी शामिल रहा। पुलिस आयुक्त ने आरोपी हरिचरण की गिरफ्तारी पर बीस हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा भी उसकी तलाश में जुटी रही। सोमवार को एक सूचना के बाद अपराध शाखा ने आरोपी को आश्रम के पास से दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने लूटपाट और झपटमारी की वारदातों में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली।