अदालत ने दिल्ली सरकार के निलंबित प्रधान सचिव व छह अन्य को तीन दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई ने पूछताछ और मामले की गहराई से जांच के लिए कोर्ट में रिमांड बढ़ाने की अपील की थी।
हालांकि इससे पहले कल अदालत ने रिमांड देने से इनकार कर दिया था। कोर्ट ने सभी को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेजते हुए कहा था कि यह मामला विशेष सीबीआई अदालत से संबंधित है, ऐसे में संबंधित अदालत ही रिमांड बढ़ाने या देने पर निर्णय ले सकती है।
सीबीआई ने राजेंद्र सहित सभी सात को पटियाला हाउस स्थित अदालत में रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट शुनाली गुप्ता के समक्ष पेश किया गया था। सीबीआई जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि राजेंद्र सिंह सहित पांच आरोपियों को पहले गिरफ्तार कर पांच दिन का रिमांड लिया था।
उन्होंने कहा कि इन आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आईसीएसआईएल के वर्तमान प्रबंध निदेशक आरएस कौशिक व पूर्व प्रबंधक निदेशक जीके नंदा को शनिवार को गिरफ्तार किया गया है।