यूपी उपचुनाव में नोएडा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए संगठन ने दिल्ली के कांग्रेसी नेताओं को भी उतार दिया है। पटपड़गंज और कृष्णा नगर जिले के करीब डेढ़ दर्जन नेताओं को बाकायदा जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि इसमें कई ऐसे नेता हैं जो दिल्ली में पिछला विधानसभा चुनाव खुद हार गए हैं। नोएडा विधानसभा में उपचुनाव के लिए मतदान 9 सितंबर को होने हैं।
दिल्ली के विश्वास नगर विधानसभा से पूर्व विधायक व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव नसीब सिंह इस समय यूपी के प्रभारी हैं। दो दिन पूर्व एआईसीसी केनिर्देश पर नसीब सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह और विधायक दल केनेता हारुन यूसुफ ने कृष्णा नगर और पटपड़गंज जिले से जुड़े नेताओं की बैठक बुलाई।
पढ़ें-करीना कपूर के भी निशाने पर यूपी सरकार!
इसमें कहा गया कि नोएडा में कांग्रेस प्रत्याशी के लिए लामबंदी करें और अपने प्रभाव से कांग्रेस के लिए माहौल बनाएं। प्रदेश नेताओं और एआईसीसी के बीच समन्वय की जिम्मेदारी पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्रनाथ को सौंपी गई है।
प्रदेश कांग्रेस दफ्तर में नोएडा से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र अवाना के हाथ मजबूत करने केलिए बुलाई गई बैठक में नसीब सिंह के अलावा पूर्व विधायक चौधरी अनिल, धर्मपाल, अमरीश गौतम, पुराने जिलाध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, लक्ष्मण रावत के अलावा अंजना पार्चा, राजीव वर्मा, शोएब दानिश समेत कुछ अन्य नेता शामिल थे।
नोएडा चुनाव प्रचार में जुटे नसीब सिंह ने अमर उजाला का बताया कि नोएडा से संपर्क रखने वाले पूर्वी दिल्ली के दो जिलों के नेताओं की ड्यूटी लगाई गई है।