मध्य प्रदेश के भिंड में उपचुनाव के दौरान चुनाव आयोग द्वारा किए गए डेमो के दौरान ईवीएम मशीन से भाजपा को ही वोट जाने के मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव आयोग को बड़ा चैलेंज भी दे डाला।
इस पर चुनाव आयोग ने इसका जवाब देते हुए कहा है कि मध्य प्रदेश में उप-चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश से कोई ईवीएम नहीं ले जाया गया है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी चुनाव में गड़बड़ की गई थी। उन्होंने पूछा कि मध्य प्रदेश के चुनाव के लिए यूपी के बंदे का नाम कैसे निकला। ये मशीन यूपी के कानपुर के गोविंदपुर से आई है।
केजरीवाल ने ये भी कहा कि कानूनन आप उन मशीनों का इस्तेमाल 45 दिनों तक नहीं कर सकते, फिर चुनाव आयोग ने कानून की धज्जियां कैसे उड़ाईं। यूपी के चुनाव में भी कई ऐसी खराब मशीनें हो सकती हैं। केजरीवाल ये भी बोले कि हो सकता है कि कुछ मशीनों को टैंपर किया गया हो।