विधानसभा चुनाव से पहले पूर्वांचलियों को लेकर आप और भाजपा में छिड़ी जंग के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने बयान पर सफाई दी है। केजरीवाल के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने देश के किसी हिस्से से आने वाले लोगों पर पाबंदी लगाने की बात नहीं की। उनकी मंशा है कि पूरे देश में दिल्ली की तरह की शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था हो।
इससे पहले, बीते रविवार को एक कार्यक्रम में अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि बिहार से पांच सौ रुपये का टिकट कटाकर एक व्यक्ति दिल्ली पहुंच जाता है और यहां के अस्पताल में पांच लाख रुपये का इलाज कराकर चला जाता है। केजरीवाल ने दिल्ली की व्यवस्था बेहतर होने की बात करते हुए खुशी भी जताई थी। यह बयान आने के बाद से ही भाजपा व कांग्रेस केजरीवाल व आप पर हमला बोल रहे हैं।
दो दिन बाद मंगलवार को केजरीवाल ने मीडिया के सामने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार ने कभी किसी को इलाज कराने से मना नहीं किया। शिक्षा के लिए भी कोई पाबंदी नहीं लगाई। दिल्ली ने स्वास्थ्य व शिक्षा की दिशा में बेहतरीन काम किया है, जिसका फायदा सबको मिल रहा है। आप की राजनीति गरीबों की सेवा पर आधारित है। फिर भी, हमारी इच्छा है कि पूरे देश में दिल्ली जैसे स्कूल बनें। हर जगह की स्वास्थ्य व्यवस्था राजधानी की तरह हो।