मुख्यमंत्री ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रमाणिक बनाया गया है जिससे श्रेष्ठ युवा नेतृत्व सामने आए। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम ऑनलाइन आवेदन के तहत अभ्यर्थियों की सोच, नेतृत्व क्षमता, नागरिक दृष्टिकोण और प्रशासन की समझ को परखा जाएगा।
दिल्ली के युवाओं को अब सरकार के साथ काम करने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विकसित दिल्ली मुख्यमंत्री इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसके लिए 150 होनहार युवाओं का चयन किया जाएगा जो तीन महीने तक दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों, वरिष्ठ अधिकारियों और जमीनी परियोजनाओं में काम करेंगे। काम करने के लिए उन्हें प्रतिमाह 20 हजार रुपये मानदेय भी दिया जाएगा।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसमें दिल्ली के युवाओं को सरकार के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। इससे वह शासन की चुनौतियों से परिचित होंगे और उन्हें समाधान कारी सोच विकसित करने का मंच मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सरकार की ऐतिहासिक पहल है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रमाणिक बनाया गया है जिससे श्रेष्ठ युवा नेतृत्व सामने आए। इस कार्यक्रम में सर्वप्रथम ऑनलाइन आवेदन के तहत अभ्यर्थियों की सोच, नेतृत्व क्षमता, नागरिक दृष्टिकोण और प्रशासन की समझ को परखा जाएगा। उसके बाद इसमें से चयनित 300 अभ्यर्थियों को एक दिवसीय बूट कैंप में बुलाया जाएगा, जिसमें संवाद, कार्यशालाएं और अंतिम निबंध लेखन के जरिए 150 युवा चुने जाएंगे।
विज्ञापन
सरकार का मानना है कि यह केवल इंटर्नशिप नहीं, बल्कि दिल्ली के भविष्य का सह-निर्माण है। इस कार्यक्रम के तीन चरण हैं, पहले चरण में उन्हें दिल्ली सरकार की संरचना, प्रशासन, नीति-निर्माण और सामाजिक समस्याओं पर प्रशिक्षण मिलेगा। दूसरे चरण में वे 70 विधानसभा क्षेत्रों में फील्डवर्क करेंगे, जहां लोगों से बातचीत कर समस्याएं पहचानेंगे और समाधान तैयार करेंगे। तीसरे चरण में विभागों में उनकी प्रतिनियुक्ति होगी जहां वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ काम करके 10 प्रमुख समस्याओं पर नीति-पत्र तैयार करेंगे।
इनमें से दो बेस्ट पॉलिसी दस्तावेज मुख्यमंत्री के समक्ष पेश किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का एक और महत्वपूर्ण उद्देश्य विकसित दिल्ली एम्बेसडर तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को विश्वास है कि इस इंटर्नशिप के माध्यम से युवा सिर्फ शासन को नजदीक से ही नहीं देखेंगे बल्कि उसमें बदलाव लाने का अवसर भी पाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा जब अपने नए विचार, साहसिक दृष्टिकोण और रचनात्मक सोच लेकर आएंगे तो प्रशासन भी उनसे प्रेरणा लेकर खुद को बदलेगा।