उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में गश्त कर रहे पुलिसकर्मी को गली में खड़े कुछ लड़कों से पूछताछ करना भारी पड़ गया। थाने के घोषित बदमाश ने सिपाही पर न सिर्फ हमला कर दिया, बल्कि उसकी वर्दी भी फाड़ दी। आरोपियों ने पीड़ित सिपाही इमरान (33) को जमीन पर गिराकर पीटा। वारदात के बाद आरोपी इमरान को बाद में देखने की बात कर फरार हो गए।
पीड़ित ने मामले की सूचना अपने स्टाफ को दी। जख्मी हालत में इमरान को जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज हुआ। पुलिस ने इमरान की शिकायत पर सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, इमरान दिल्ली पुलिस में सिपाही है। फिलहाल उसकी तैनाती न्यू उस्मानपुर थाने में है। शनिवार को वह गौतमपुरी की गली नंबर-14 में गश्त पर था। इस दौरान इलाके का घोषित बदमाश जहीर वहां पर कुछ अन्य लड़कों के साथ खड़ा था। इमरान को सूचना मिली थी कि गली में नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं। इमरान ने लड़कों से वहां खड़े होने का कारण पूछा तो जहीर भड़क गया।
वह इमरान को गालियां देने लगा। इस बीच वहां पर जहीर का पिता तौसीफ और मां भी आ गए। जहीर का परिवार कहने लगा कि आज इसे सबक दिखा दो। इसने सट्टे का काम भी बंद करवा दिया। आरोपियों ने इमरान पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया और खूब पीटा। आरोपियों ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।