दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार केवल सस्ती शोहरत बटोरने में लगी है। पिछले सात साल में सरकार ने पराली जलने से होने वाले प्रदूषण से दिल्ली वालों के लिए ठोस कदम नहीं उठा सकी। अब जब एक बार फिर खेत में पराली जलाने का वक्त आ रहा है तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनकी टीम बायो-डीकंपोजर बांटने से राहत के सपने दिखा रही है।
आदेश गुप्ता ने कहा की यदि केजरीवाल सरकार को सही में लगता है कि बायो-डीकंपोजर राहत दिलवा सकता है तो सरकार को दो तीन माह पूर्व पड़ोसी राज्यों की सरकार से बात करके इसे किसानों को बंटवाने की व्यवस्था करनी चाहिए थी।
दिल्ली के पास पर्यावरण फंड का काफी रिजर्व पैसा है जिसका इस्तेमाल कर दिल्ली सरकार अन्य सरकारों को बायो-डीकंपोजर बांटने को दे सकती थी। मात्र 79 किसानों के बीच सर्वे करवा कर बायो-डीकंपोजर की सफलता के खोखले दावे सरकार कर रही है।
उधर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि दिल्ली में केंद्र सरकार द्वारा परेशान किए जाने को लेकर आम आदमी पार्टी वाकपटुता कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने वो ही नाटकीय शब्द दोहराए जो गत 21 अगस्त को उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया बोल चुके थे। दोनों नेताओं ने केंद्र सरकार की एजेंसी द्वारा परेशान किए जाने की बात कही पर ना गत माह सिसोदिया ना आज चड्ढा ऐसा कोई सबूत रख सके जिससे परेशान किया जाना स्थापित हो।