भाजपा ने दिल्ली सरकार पर जरूरतमंदों तक राशन नहीं पहुंचाने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली को 768 करोड़ रुपये का राशन मुहैया कराया है ताकि तीन माह तक लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
प्रदेश भाजपा महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि राशन वितरण को लेकर लगातार शिकायतें आ रही हैं। जबकि केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को पूरा राशन मुहैया कराया है। चहल ने कहा कि जिन लोगों को समस्या हो रही है वहां भाजपा मदद के लिए तो पहुंच रही है लेकिन सरकार अपनी जिम्मेवारी से भाग रही है। उधर, भाजपा के फीड द नीडी कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने भाग लिया।
प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन के साथ गौतम ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर राशन वितरण कार्यों की समीक्षा की। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर ने केंद्रीय वित्त मंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखा है। पत्र में नौकरी पेशा लोग, स्व रोजगार वाले और छोटे व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए विशेष आर्थिक पैकेज घोषित करने की मांग की है।
खराब दूध की शिकायत
शास्त्री नगर के लोगों ने शनिवार को खराब दूध की बिक्री की शिकायत पुलिस से की है। सामाजिक कार्यकर्ता पंवार ने बताया कि 100 नंबर पर कॉल करने के बाद दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने दूध का सैंपल भी लिया। शिकायत के बाद संबंधित कंपनी ने 100 क्रेट दूध वापस ले लिया।