शांति एवं सद्भाव समिति के अध्यक्ष राघव चड्ढा
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली विधानसभा की शांति एवं सद्भाव समिति की सोमवार को बैठक हुई। समिति के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा कि गवाहों से मिले सबूतों से पता चलता है कि दिल्ली दंगों में फेसबुक का हाथ था।
ऐसे में फेसबुक को दिल्ली दंगों की जांच में सह-अभियुक्त की तरह मानना चाहिए और उसकी जांच होनी चाहिए। राघव चड्ढा के मुताबिक, स्वतंत्र जांच एजेंसी की निष्पक्ष जांच के बाद फेसबुक के खिलाफ कोर्ट में एक सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल की जानी चाहिए।
राघव चड्ढा ने कहा कि अपना बचाव करने और अपना पक्ष रखने के लिए फेसबुक इंडिया के अधिकारियों को कमेटी अपनी अगली बैठक में पेश होने का समन जारी करेगी। फेसबुक पर जिस प्रकार की सामग्रियों का प्रचार किया गया, कोशिश यह थी कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दंगा हो जाए, लेकिन सफल नहीं हुए।
इससे पहले समिति की बैठक में तीन गवाहों ने उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराया। इसके आधार पर कमेटी ने फैसला लिया है कि फेसबुक को समन जारी किया जाएगा।