दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी विवादित टिप्पणियों के कारण सुर्खियां बटोरने वाले भाजपा प्रत्याशी कपिल मिश्रा ने सोमवार को एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर हमला बोला है। ओवैसी के गोली मारने वाले बयान पर कपिल मिश्रा ने कहा कि वो ऐसे शब्द न ही बोलें तो बेहतर होगा और दूसरी बात यह है कि गोली मारने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि गली में ओवैसी जैसे जो दो-चार *** घूमते हैं उन्हें कैसे ठीक करना है यह तो हर हिंदुस्तानी जानता है।
ओवैसी से इतर दिल्ली चुनाव को लेकर भी एक बार फिर कपिल ने हलचल मचाने वाला बयान दिया है। कपिल ने कहा कि कल दिल्ली में भाजपा सरकार बना रही है। यह निश्चित है, क्योंकि जमीन पर जो लोग थे चाहे वो पत्रकार हो, कार्यकर्ता हो या जनता हो, सभी लोग वोट डालने के लिए निकले थे। बीच में दो दिन के टाइमपास के लिए एग्जिट पोल आए हैं।
उन्होंने कहा कि दुखद बात ये है कि आम आदमी पार्टी चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है, ईवीएम पर सवाल उठा रही है। अभी तो रिजल्ट आए भी नहीं हैं और अभी से जो विलाप किया जा रहा है, उससे यह पता चलता है कि केजरीवाल और उनके लोगों को यह एहसास हो चुका है कि जमीन पर जनता ने क्या जनादेश दिया है।