राजधानी के मटिया महल से पांच बार के विधायक व दिल्ली विधान सभा के उपाध्यक्ष रहे शोएब इकबाल ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस का हाथ छोड़कर आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ले ली।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर शोएब को आप की सदस्यता दिलाई। चुनाव से पहले पार्टी में उनके शामिल होने से माना जा रहा है कि आप पार्टी मटिया महल सीट से शोएब इकबाल को मैदान में उतार सकती है। ऐसा होने की सूरत में दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक असीम अहमद का टिकट कट सकता है।
शोएब इकबाल कॉलेज के दिनों में ही छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए थे और जाकिर हुसैन छात्र संघ में सचिव थे। शोएब इकबाल ने दिल्ली में अपना पहला विधानसभा चुनाव 1993 में जनता दल के टिकट पर लड़ा। वह मटिया महल विधानसभा सीट से 1993, 1998, 2003, 2008, 2013 में पांच बार चुनाव जीते। 2015 में वह कांग्रेस के टिकट पर मैदान में थे लेकिन आप की आंधी में वह भी नहीं टिक सके।
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शोएब इकबाल अपनी पूरी टीम के साथ आप में शामिल हुए हैं। आप ने पिछले पांच साल से दिल्ली में गरीबों के लिए काम किया है। केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि शोएब के आने उसको और मजबूती मिलेगी। सब मिलकर दिल्ली को और बेहतर करने की कोशिश करेंगे।
दूसरी तरफ शोएब इकबाल ने कहा कि दिल्ली का चुनाव एकतरफा हो गया है। आप के पक्ष में एकतरफा माहौल है। आप ने पिछले पांच साल में बहुत अच्छे काम किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में हम लोग दिल्ली में सरकार बनाएंगे। पिछली बार का भी रिकॉर्ड तोड़ने का काम करेंगे।