पश्चिम दिल्ली की मोती नगर विधानसभा सीट भाजपा का गढ़ रही है। इसे पंजाबी-सिख बहुल इलाकों में गिना जाता है। वर्ष 1993 में बनी इस सीट पर लगातार 20 सालों तक भाजपा का कब्जा रहा, लेकिन, 2015 में आप के उम्मीदवार शिवचरण गोयल ने भाजपा के सुभाष सचदेवा को हराया था। वर्ष 2020 में भी आप यहां से जीती थी। वहीं, कांग्रेस एक बार भी यहीं से खाता नहीं खोल पाई है।
फिलहाल, आप ने दोबारा से शिवचरण गोयल को चुनावी मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने राजेंद्र नामधारी को उतारा है। यहां के प्रमुख इलाकों में पूर्वी पंजाबी बाग, कीर्ति नगर और मानसरोवर गार्डन हैं। इन पॉश इलाकों के साथ यहां एक भी अनधिकृत कॉलोनी नहीं है। जखीरा और कीर्ति नगर में फर्नीचर की बड़ी मार्केट है। इसके अलावा कुछ झुग्गी बस्तियां भी हैं।
प्रमुख मुद्दे : पार्किंग, ट्रैफिक जाम, गंदे पानी की सप्लाई, स्वच्छता, सुरक्षा।
इलाके में पार्क की हालत दयनीय है। यहां की सफाई व्यवस्था भी भगवान भरोसे है। कई दिनों तक कूड़ा सड़ता रहता है। देशभर में स्वच्छता अभियान चल रहा है। वहीं, यहां पर गंदगी देखने को मिल जाएगी।
- अलका
कीर्ति नगर में सड़कों की हालत खस्ता है। कई बार लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। रात के समय यहां पर बाहर निकलने में डर लगता है। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना बुजुर्गों को करना पड़ता है।
-अभिषेक आनंद
इलाके में जल निकासी की समस्या अभी भी कायम है। इस दिशा में अभी और कार्य होना चाहिए। जिस इलाके में विकास की जितनी अधिक जरूरत है, वहां उतने विकास कार्य होने चाहिए।
- शशि शर्मा
इलाके में सीवेज समस्या बेहद खराब है। साथ ही, जल निकास की समस्या अभी भी दुखती रग है। सफाई की ओर अभी और भी ध्यान देने की जरूरत है। जन कल्याण से जुड़ी योजनाओं की संख्या बढ़नी चाहिए।
-सुभाष चोपड़ा