सवाल: भाजपा भी तो कह रही है कि हमने अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का कर 40 लाख लोगों को मालिकाना हक दिया। शुक्रवार को तो रजिस्ट्रियां भी दी जाने लगीं।
जवाब: बगैर लैंड यूज चेंज किए कहीं रजिस्ट्री की जा सकती है। धोखा दे रही है भाजपा। काम तो हमने किया है इन अनधिकृत कॉलोनियों में। हमारी सरकार बनने के बाद से लेकर अब तक आठ हजार करोड़ रुपये का काम हो चुका है। हमारी सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली- पानी सब पर तो काम किया है।
सवाल: आरोप तो लग रहे हैं कि चुनाव नजदीक आते ही आप सरकार ने पांच माह में सब कुछ फ्री कर दिया।
जवाब: कुछ भी पांच माह में नहीं हुआ। योजनाएं बनी हैं। हमें पहले तो काम ही नहीं करने दिया जा रहा था। जब से कोर्ट के आदेश के बाद हमें ताकत मिली है। तब से हमारी सरकार हर स्तर पर काम कर रही है। रही बात बिजली फ्री की तो हमने जब देखा कि हमें मुनाफा हो रहा है तो जनता को उसका लाभ देना शुरू कर दिया।
सवाल: भाजपा कह रही है कि दिल्ली में एनआरसी और सीएए पर आप ने बवाल कराया।
जवाब: अहिंसा पर जब भाजपा बोलती है तो ऐसा लगता है कि गब्बर सिंह अहिंसा पर बोल रहा हो। अरे पूरे देश को भाजपा जला रही है। दंगे करवा रही है। संविधान की मूल आत्मा से खिलवाड़ कर रही है भाजपा और उसको इसकी कीमत जनता आने वाले चुनावों में बताएगी।
सवाल: अपनी पार्टी की कमजोरी और ताकत बता दीजिए। कहां पर मजबूत हैं कहां पर कमजोर।
जवाब: हम लोग अफवाह, झूठ और नफरत फैलाने में कमजोर हैं। जनता के काम करने की हमारी ताकत है। जो हम कर रहे हैं। दिल्ली के सभी बूथों पर हमारे विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री जा रहे हैं।