चार नवंबर से लागू ऑड-ईवन से रविवार को मिली छूट के चलते दिल्ली की हवा एक बार फिर बेहद खराब हो गई। ऑड-ईवन लागू होने के बाद दिल्ली की हवा में कुछ सुधार देखा गया था। शनिवार की तुलना में वायु गुणवत्ता सूचकांक में 38 अंकों की बढ़ोतरी होने के बाद रविवार शाम चार बजे सूचकांक 321 (बेहद खराब) के स्तर पर पहुंच गया।
दिल्ली में सुबह के वक्त चली ठंडी हवाओं की वजह से वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार के बाद सुबह नौ बजे सूचकांक 281 था लेकिन शाम चार बजे तक हवा की धीमी रफ्तार, तापमान में कमी और वाहनों की संख्या में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण हवा एक बार फिर बेहद खराब हो गई। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक में 40 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दिल्ली की हवा पिछले कुछ दिनों तक लगातार बेहद खराब रहने के बाद खराब की श्रेणी में पहुंची थी। शनिवार को सूचकांक 283 था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक सुबह नौ बजे नोएडा में 302, ग्रेटर नोएडा 297, फरीदाबाद 251 और गुरुग्राम में यह आंकड़ा 253 रहा।
गाजियाबाद सबसे ज्यादा प्रदूषित
दिल्ली-एनसीआर के शहरों में रविवार को सर्वाधिक वायु प्रदूषण गाजियाबाद में दर्ज किया गया। नोएडा में वायु प्रदूषण गाजियाबाद से कम रहा लेकिन ग्रेटर नोएडा तीसरे नंबर पर रहा। प्रदूषण के लिहाज से दिल्ली का स्थान चौथा रहा।
आज और कल भी ऑड-ईवन से छूट, जाम-प्रदूषण का करना पड़ सकता है सामना
गुर नानक देव जी के 550वें प्रकाश उत्सव के चलते सोमवार और मंगलवार को भी सम-विषम से छूट रहेगी। इस दौरान करीब 10 लाख वाहनों के सड़कों पर उतरने से प्रदूषण स्तर में फिर बढ़ोतरी हो सकती है। साथ ही लोगों को जाम की समस्या से भी जूझना पड़ सकता है।
सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने वालों की संख्या बढ़ी
सम-विषम के प्रति लोगों को लगातार जागरूक किए जाने, महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त सफर की सुविधा के साथ बसों की संख्या बढ़ाए जाने से सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने वालों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
यह है पैमाना
वायु गुणवत्ता सूचकांक 0-50 के बीच ‘अच्छा’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101-200 के बीच ‘मध्यम’, 201-300 के बीच ‘खराब’, 301-400 के बीच ‘अत्यंत खराब’, 401-500 के बीच ‘गंभीर’ और 500 के पार ‘बेहद गंभीर एवं आपात’ माना जाता है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (सीपीसीबी)
10 नवंबर 09 नवंबर 08 नवंबर 07 नवंबर 06 नवंबर 05 नवंबर 04 नवंबर 03 नवंबर
गाजियाबाद 368 307 355 325 294 346 440 491
नोएडा 344 302 366 328 237 351 430 495
ग्रेटर नोएडा 338 278 367 318 247 340 428 482
दिल्ली 321 283 330 309 214 324 407 494
फरीदाबाद 290 270 337 312 205 300 403 496
गुरुग्राम 282 290 306 284 168 316 370 486