धूल भरी आंधी (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : फाइल फोटो
तपती गरमी में उत्तर पश्चिम भारत में धूल भरी आंधी से दिल्ली की हवा की आबोहवा खराब हो गई है। इससे दिल्ली में हवा की गुणवत्ता गंभीर स्तर तक पहुंच गई है। सफर की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, वायु गुणवत्ता सूचकांक बृहस्पतिवार शाम 408 तक पहुंच गया। जबकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने बीते 24 घंटे में वायु की गुणवत्ता 347 बताई है।
सफर के रीयल टाइम आंकड़े हवा की गुणवत्ता को गंभीर व सीपीसीबी के 24 घंटे के आंकड़े बहुत खराब स्तर बताते हैं। विशेषज्ञों की सलाह है कि सांस के रोगियों को इस दौरान खुले में ज्यादा देर नहीं चहना चाहिए। वहीं, बाहर निकलने पर मास्क लगाना जरूरी है। इसके अलावा घर के दरवाजे व खिड़कियां बंद रखनी चाहिए। दूसरी तरफ खुले में कूड़ा-कचरा जलने की मनाही है।
सफर का कहना है कि पूरे उत्तर पश्चिम भारत में धूल भरी आंधियां चल रही हैं। शुक्रवार को भी हालत कमोवेश एक सी रहेगी। इसमें ज्यादा सुधार की गुंजाइश नहीं है। इसके अगले दिन पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इससे हवा की गुणवत्ता में सुधार हो सकता है। हालांकि, बीच-बीच में धूल भरी आंधियां आने की भी आशंका बनी हुइ्र है। शुक्रवार को गंभीर स्तर पर पहुंची आबोहवा में धूल के महीने कणों पीएम 10 व पीएम 2.5 की मात्रा ही मुख्य रही। पीएम 2.5 की मात्रा 125 व पीएम 10 की मात्रा 439 रिकॉर्ड की गई।