राजधानी में मौसम की करवट लेने के साथ ही वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में बरकरार है। हवा की गति बढ़ने से प्रदूषण में मामूली गिरावट आई है। रविवार को अधिकतर इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 314 दर्ज किया गया। यह शनिवार के मुकाबले सात सूचकांक कम है।
एनसीआर में दिल्ली की हवा सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज की गई। सुबह से ही धुंध के साथ कोहरा देखने को मिला। 29 इलाकों में हवा बेहद खराब व पांच इलाकों में खराब श्रेणी में दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बुधवार तक हवा बेहद खराब श्रेणी से रहेगी।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, रविवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चली। इस दौरान हवा की गति आठ से 18 किलोमीटर प्रतिघंटे रही। सोमवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने का अनुमान है। सुबह के समय धुंध व कोहरा छाने की आशंका है। ऐसे में हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रहेगी। मंगलवार को भी हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलेंगी। इस दौरान हवा की चाल आठ से दस किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है। बुधवार को हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने की संभावना है। साथ ही, हवा की गति छह से दस किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
29 इलाकों में हवा रही बेहद खराब श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को 29 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें नेहरू नगर में 362, बवाना में 342, विवेक विहार में 335, जहांगीरपुरी में 352, अशोक विहार में 318 सूचकांक दर्ज किया गया। साथ ही, पांच इलाकों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। यहां लोधी रोड में 264, मथुरा रोड़ में 277 व दिलशाद गार्डन में 233 सूचकांक दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी है। सीपीसीबी के अनुसार, गाजियाबाद व गुरुग्राम में 230, नोएडा 249, फरीदाबाद में 276 और ग्रेटर नोएडा 261 एक्यूआई दर्ज किया गया। यह खराब श्रेणी है।