फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम का मिजाज बदलते ही साफ हुई दिल्ली की हवा, 72 घंटों में गुणवत्ता में आया 143 अंकों का सुधार

Sun, 20 Oct 2019 01:40 AM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली का मौसम - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

मौसम का मिजाज बदलते ही शनिवार को दिल्ली की हवा साफसुथरी हो गई। बीते 72 घटों में 143 अंकों के सुधार के साथ हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से औसत दर्जे पर दर्ज की गई। रविवार को भी इसमें बड़ा बदलाव होने का अनुमान है। 21 अक्तूबर से एक बार फिर हवा में खराबी आ सकती है। हालांकि, अक्तूबर के आखिर में एक बार मौसम करवट लेगा। इससे इस माह वायु प्रदूषण का स्तर नियंत्रित रहेगा।

विज्ञापन

 
इससे पहले सफर का अनुमान था कि शनिवार को दिल्ली के प्रदूषण में हरियाणा व पंजाब के पराली के धुएं का हिस्सा करीब 17 फीसदी रहेगा। लेकिन शुक्रवार शाम की बारिश से पैदा हुई नमी से आंकड़ा शून्य पर पहुंच गया। शनिवार को पराली का धुंआ दिल्ली नहीं पहुंच सका। 

वहीं, स्थानीय प्रदूषण पर भी मौसम ने असर डाला। सतह पर चलने वाली हवा की चाल तेज होने व हल्की बारिश से वातावरण धुल गया। इससे शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक औसत दर्जे में प्रवेश कर गया।
विज्ञापन


बीते चार दिनों में इसमें 143 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। 16 अक्तूबर का वायु गुणवत्ता गुणवत्ता 304 रिकॉर्ड किया गया था। इसके बाद मौसम धीरे-धीरे बदलने से इसमें सुधार आता गया। सबसे बेहतर असर पश्चिमी विक्षोभ ने पैदा हुई मौसमी हलचल का रहा। सतह पर चलने वाली तेज हवाओं से दिल्ली का प्रदूषण छंट गया। 

सफर का अंदाजा है कि रविवार को भी इसके असर से वायु प्रदूषण में ज्यादा बढ़ोत्तरी का अंदेशा नहीं है। हालांकि, इस बीच पंजाब, हरियाणा व सीमावर्ती इलाकों में पराली जलाई जा रही है, लेकिन हवा की दिशा और वातावरण में मौजूद नमी से इसका दिल्ली पर असर नहीं पड़ेगा।
 

माह के अंत में फिर करवट लेगा मौसम, 25 को बारिश के आसार

सफर का अनुमान है कि 21 अक्तूबर से हवा की दिशा बदलेगी। यह हरियाणा की तरफ से दिल्ली में प्रवेश करेगी। इससे दिल्ली के प्रदूषण में पराली के धुएं का हिस्सा 15 फीसदी तक पहुंचने की आशंका है। 22 अक्तूबर को हवा की गुणवत्ता बेहद खराब स्तर तक पहुंच सकती है। लेकिन इसके बाद फिर से मौसम में बदलाव आएगा। 

मौसम विभाग का कहना है कि 25 अक्तूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे दिल्ली के प्रदूषण में गिरावट आ सकती है। दिवाली के दौरान अगर स्थानीय प्रदूषण पर नियंत्रण रखा जा सका तो दिल्ली की सांस बेहतर रहेगी। नवंबर के पहले सप्ताह में जिसके खराब होने का अंदेशा है।

बीते चार दिनों का वायु गुणवत्ता सूचकांक
16 अक्तूबर    304
17 अक्तूबर    284
18 अक्तूबर    248
19 अक्तूबर    161
(आंकड़ा सीपीसीबी से)

इस बीच दिल्ली के प्रदूषण में पराली का हिस्सा
16 अक्तूबर    पांच फीसदी
17 अक्तूबर    8 फीसदी
18 अक्तूबर    सात फीसदी
19 अक्तूबर    शून्य फीसदी
(आंकड़ा सफर का)

 
विज्ञापन

जागरूकता अभियान से जुड़े प्रस्ताव को कैबिनेट ने दी हरी झंडी

दिल्ली कैबिनेट ने शनिवार को दिल्ली के प्रदूषण से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है। दिल्ली सरकार प्रदूषण स्तर गंभीर होने पर इससे निपटने के लिए जन भागीदारी सुनिश्चित करेगी। इसके लिए अलग-अलग माध्यमों से लोगों को सूचना दी जाएगी। कैबिनेट ने इसके लिए 36 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।

अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली के प्रदृषण को खत्म करने के लिए कई सारे इंतजाम किए गए हैं। इससे प्रदूषण में 25 फीसदी की कमी आई। मानसून जाने के बाद बीते एक सप्ताह से दिल्ली का प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। इससे निपटने के लिए सरकार ने पूरा एक्शन प्लान तैयार किया है। सम- विषम योजना लागू करने के साथ लोगों को मॉस्क भी बांटे जाएंगे। वहीं, जागरूकता अभियान में लोगों को न सिर्फ प्रदूषण रोकने के लिए हर दिन उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी दी जाएगी, बल्कि उनकी हिस्सेदारी भी सुनिश्चित होगी। इसके लिए 36 करोड़ रुपये बजट तय किया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें