रेल बजट में सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने का ऐलान हुआ। दिल्ली-आगरा के बीच इसका सफल ट्रायल भी हुआ, मगर आम जनता को यह सेवा मिलने में अभी देर नजर आ रही है। कम से कम रेलवे के नए टाइम टेबल से तो यही समझ में आ रहा है।
दरअसल एक सितंबर से लागू होने वाली रेलवे की समय सारणी में इस ट्रेन का जिक्र नहीं है, जबकि रेल बजट में जिन ट्रेनों की घोषणा हुई थी उनमें से ज्यादातर को हरी झंडी दे दी गई है।
रेलवे की योजना थी कि इसी साल नवंबर में दिल्ली-आगरा के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन दौड़ा दी जाएगी। दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से आगरा तक यह ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ेगी और महज 90 मिनट में आगरा पहुंचेगी। तीन जुलाई को सफल ट्रायल रन भी किया गया था।
रेलवे का दावा था कि दूसरे फेज में चंडीगढ़ और कानपुर के बीच इसी तरह की सेवा शुरू कर दी जाएगी। सेमी हाई स्पीड ट्रेन चलाने के लिए पूरे ट्रैक की फेंसिंग की जाएगी और ट्रैक बदलने की प्रणाली यानी इंटरसेप्शन सिस्टम में भी बदलाव किया जाएगा।
मानवरहित रेल क्रॉसिंग हटेगी और विशेष सिग्नलिंग की व्यवस्था होगी, लेकिन अब सबकुछ पीछे खिसकता नजर आ रहा है। इस संबंध में रेलवे के आला अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई मगर उन्होंने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।