दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में दाखिला लेकर पढ़ाई करने का सपना अभी भी पूरा हो सकता है। दरअसल, डीयू के नॉन कॉलेजिएट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में अब भी दाखिले का अवसर है। इसके लिए अगले सप्ताह एक बार फिर कटऑफ जारी हो सकती है।
एनसीवेब के पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार, शनिवार को दाखिला प्रक्रिया समाप्त हो गई। इसके बाद भी सामान्य व आरक्षित श्रेणी की कुछ सीटें खाली हैं। ऐसे में अब डीयू प्रशासन अगले सप्ताह तक एक अन्य कटऑफ जारी करने के संबंध में फैसला लेगा। एनसीवेब में 25 अक्तूबर से पहली कटऑफ जारी हुई थी।
पहली, दूसरी व तीसरी कटऑफ के बाद स्पेशल कटऑफ जारी की गई थी। चौथी-पांचवीं कटऑफ के बाद 6 दिसंबर को आरक्षित श्रेणी की सीटें भरने के लिए स्पेशल ड्राइव चलाया गया। इस ड्राइव के तहत 10 दिसंबर को फीस भुगतान करने के साथ ही दाखिला प्रक्रिया पूरी तरह से समाप्त हो गई। डीयू दाखिला प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी के अनुसार, अभी एनसीवेब के 26 कॉलेज सेंटरों में बीए व बीकॉम की कुछ-कुछ सीटें खाली हैं।
हर कटऑफ के बाद कॉलेजों में दाखिले रद्द कराकर एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज में शिफ्ट होने के कारण सीटें खाली होती रहीं। इनमें बीकॉम की सीटें ज्यादा खाली हो रही हैं। पहले माना जा रहा था कि कोई कटऑफ जारी नहीं होगी, लेकिन अब ऐसी संभावना बन रही है कि कटऑफ को जारी करना पड़ेगा। मालूम हो कि एनसीवेब में केवल दिल्ली की लड़कियों को ही दाखिला मिलता है।