राउज एवेन्यू कोर्ट ने डॉक्टर खुदकुशी मामले में गिरफ्तार आप विधायक प्रकाश जारवाल और उनके सहयोगी कपिल नागर को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने दोनों को शनिवार को गिरफ्तार किया था।
ड्यूटी एमएम के समक्ष पुलिस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रकाश जारवाल और कपिल नागर को पेश किया। पुलिस ने कहा कि डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने 18 अप्रैल को अपने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में डॉक्टर ने इसके लिए आम आदमी पार्टी के विधायक प्रकाश जरवाल को दोषी बताया था।
नोट में लिखा था कि प्रकाश जरवाल और उसके साथियों ने उसे खुदकुशी के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दोनों का 10 दिन का रिमांड मांगा। उधर, प्रकाश जरवाल और कपिल नागर के वकील ने कहा कि दोनों का इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने दोनों को 4 दिन के रिमांड पर भेज दिया। इस मामले में नेबसराय थाने में विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है।
इससे पहले शुक्रवार को दक्षिणी दिल्ली के डॉक्टर सुसाइड मामले में आरोपी विधायक प्रकाश जारवाल और उनके सहयोगी कपिल नागर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बाद पुलिस विधायक प्रकाश जारवाल और कपिल नागर की तलाश में जुट गई थी।
वहीं, जारवाल ने शुक्रवार को अपनी सफाई में कहा कि मेरे खिलाफ आरोप झूठे और निराधार हैं। जिस व्यक्ति ने आत्महत्या की है, मैंने उससे एक साल से बात तक नहीं की थी।
जानकारी के मुताबिक 7 अप्रैल को प्रकाश जारवाल के दो भाइयों और पिता से दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की थी। विधायक प्रकाश जारवाल को दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए दो बार बुलाया था लेकिन वह दोनों बार दिल्ली पुलिस के सामने पेश नहीं हुए ।
ये है मामला
बीएएमएस डॉक्टर राजेंद्र भाटी ने 18 अप्रैल को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। डॉक्टर के पास से जो सुसाइड नोट बरामद हुआ था उसमें आप के देवली विधायक प्रकाश जारवाल का नाम था।
डॉक्टर ने खुदकुशी नोट में लिखा कि विधायक व उसके साथियों ने उसे खुदकुशी करने के लिए मजबूर किया है। नेबसराय थाने में विधायक प्रकाश जारवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को देर शाम तक विधायक के पिता व दो भाई संजय व अनिल से पूछताछ की थी।