दिल्ली में बगैर पहचान पत्र दिखाए चार हजार से ज्यादा लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। कोविन की ओर से राज्य स्वास्थ्य विभाग को भेजी रिपोर्ट के अनुसार इन लोगों ने वैक्सीन लेते वक्त किसी भी तरह के पहचान पत्र की जानकारी साझा नहीं की है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में 4215 लोगों ने बगैर किसी पहचान पत्र दिखाए वैक्सीन लगवाई।
ये लोग दिल्ली के निवासी हैं या फिर किसी और राज्य के? इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन आगे से सतर्कता बरतने की सलाह दी है। साथ ही मौके पर पंजीयन करते समय इस बारे में सबसे ज्यादा ध्यान रखने के लिए कहा गया है। इसी के चलते स्वास्थ्य विभाग ने सभी प्राइवेट अस्पताल और सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर तैनात जिम्मेदार अधिकारियों को भी इस बारे में ध्यान रखने के लिए कहा है।
विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह सभी मामले टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत से जुड़े हैं। हालांकि, कुछ मामले ऐसे भी हैं जो बीते एक मई के बाद सामने आए हैं। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि कोविन वेबसाइट पर जो लोग पहले पंजीयन ले चुके हैं वहां बगैर पहचान पत्र के प्रक्रिया संभव नहीं है, लेकिन ऑनसाइट पंजीयन में यह दिक्कत हो सकती है।
एक तथ्य यह भी है कि जब तक इन लोगों का पहचान पत्र कोविन वेबसाइट पर नहीं होगा तब तक इन्हें सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं होगा। उन्होंने बताया कि ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन को लेकर सावधानी जरूरी है। रिपोर्ट के अनुसार देशभर में ऐसे 3,48,157 मामले सामने आए हैं।