पंजाब के अमृतसर जिले के एक कारोबारी की हत्या के लिए मोहाली में आरपीजी हमले के आरोपी दीपक सुरखपुर को नेपाल से भारत बुलाया गया था। उसे कनाडा में बैठे आतंकी लखवीर उर्फ लांडा ने कारोबारी की हत्या करने को कहा था। कारोबारी ने लांडा व हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा को करोड़ों रुपये की रंगदारी देने से मना कर दिया था।
यह खुलासा दीपक सुरखपुर ने दिल्ली पुलिस की पूछताछ में किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में दीपक को पुलिस रिमांड पर ले रखा है। दीपक ने पैसे नहीं मिलने के कारण गोल्डी बरार व लारेंस विश्नोई गिरोह को छोड़ दिया था। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई है कि लांडा ने अमृतसर के कारोबारी की रेकी करवाई थी।
स्पेशल सेल के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार मोहालीमें पुलिस मुख्यालय पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) हमले करने के बाद आरोपी दीपक सुरखपुर नेपाल जाकर छिप गया था। कनाडा में बैठे आतंकी लखवीर उर्फ लांडा ने अमृतसर के एक कारोबारी से करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी।
कारोबारी ने रंगदारी देने से मना कर दिया था। इस पर लांडा ने दीपक को भारत आकर अमृतसर में कारोबारी की हत्या करने के आदेश दिए थे। वह भारत आने के लिए जैसे ही भारतीय सीमा में घुसा तो राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल सेल ने दीपक को अब पुलिस रिमांड पर ले रखा है। उसकी पुलिस रिमांड बुधवार को खत्म हो रही है।