कविनगर और वैशाली के निजी अस्पतालों में महिला समेत दो लोगों की मौत से गुस्साए परिजनों ने मंगलवार रात अस्पताल में हंगामा कर तोड़फोड़ की। पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
कविनगर थाना क्षेत्र सि्थत एक अस्पताल में देर रात सरजीत (80) की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंचे एसएचओ ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
वहीं, सिकंदराबाद निवासी कमलेश गोयल(47) को किडनी में समस्या के चलते नौ मई को वैशाली सेक्टर -1 के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बेटी दीपिका ने बताया कि मंगलवार दोपहर ऑपरेशन हुआ था।
कुछ देर बाद सांस लेने में परेशानी होने लगी। इस पर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डाक्टरों
ने मौत का कारण ब्लड प्रेशर लो होना बताया।
रात पौने दस बजे महिला की मौत का पता चलते ही परिजन और अन्य लोगों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
एसएचओ राशिद अली ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत करा दिया गया। देर रात तक दोनों पक्षों में बातचीत जारी थी। शिकायत मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।