तिहाड़ जेल में हत्या के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी पर तीन कैदियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने घायल कैदी को जेल के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उसे दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इलाज करवाने के बाद हरि नगर थाना पुलिस कैदी के बयान पर मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जेल सूत्रों के अनुसार, पीड़ित कैदी की पहचान राहुल (23) के रूप में हुई है। संगम विहार निवासी राहुल को संगम विहार थाना पुलिस ने 2015 में हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। ढाई साल से वह तिहाड़ जेल नंबर-चार में बंद है।
1 फरवरी को वह मामले की सुनवाई के लिए साकेत कोर्ट गया था, जहां से वह वापस जेल आया। पुलिस को दिए बयान में राहुल ने बताया कि जेल नंबर-चार के बैरक नंबर-दस के पास पहुंचते ही तीन कैदियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।