रणहौला इलाके से करीब एक सप्ताह पहले संदिग्ध परिस्थिति में अपने घर से लापता 13 साल की किशोरी का शव नाले में मिला है। नाला उसके घर से पांच किलोमीटर दूर है। किशोरी के पिता ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है और पड़ोस के एक युवक पर शक जताया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मूलत: गोरखपुर यूपी के रहने वाले किशोरी के पिता ने बताया कि वह पिछले 30 साल से अपने परिवार के साथ मोहन गार्डन इलाके में रहता है और पेशे से मैकेनिक है। परिवार में उसकी पत्नी और सात बेटियां हैं। पांचवें नंबर की 13 साल की बेटी सरकारी स्कूल की सातवीं कक्षा में पढ़ती थी।
14 नवंबर की शाम परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। 13 साल की बेटी अपनी बड़ी बहनों को स्कूल का होमवर्क बनाने के लिए कह रही थी। सबसे बड़ी बेटी उसे होमवर्क करवा रही थी। अचानक वह घर से बाहर चली गई। देर रात तक जब उसके नहीं आने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश की। देर रात उन्होंने रणहौला थाने में बेटी की गुमशुदगी की शिकायत की। साथ ही पड़ोसी युवक पर शक जताया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक से पूछताछ करने के बाद उसे छोड़ दिया। उधर परिवार वाले उस दिन के बाद से खुद ही किशोरी की तलाश करते रहे। 19 नवंबर की शाम निहाल विहार थाना पुलिस ने उन्हें फोन कर बेटी के हुलिए के बारे में पूछा। उन्होंने बताया कि बच्ची ने गले में ताबीज पहन रखा है। उसके बाद पिता तुरंत रणहौला थाने पहुंचे। वहां उन्होंने बेटी के शव की पहचान कर ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।