शरीर पर मिले चोट के निशान, शव की नहीं हो सकी शिनाख्त
नई दिल्ली। केएन काटजू मार्ग थाना स्थित हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में मंगलवार शाम एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मुनक नहर में बहकर युवक का शव वाटर प्लांट पर पहुंचा था। लोगों ने शव देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया।
शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच के बाद ऐसा लग रहा है कि हत्या करने के बाद शव को नहर में ठिकाने लगाया गया। मृतक की उम्र लगभग 30 साल के आसपास है। हालांकि, अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में पता कर शिनाख्त के प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। केएन काटजू मार्ग थाना पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मृतक का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। ब्यूरो