गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में सर्जिकल वार्ड के सामने बने रैंप के नीचे शुक्रवार दोपहर को एक व्यक्ति का शव दबा मिला। वहां से गुजर रहे लोगों को जब बदबू आई तो उन्होंने रैंप के नीचे देखा। इसके बाद उन्हें इसकी जानकारी हुई। पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। हालांकि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
एसीपी कोतवाली निमिष पाटिल ने बताया कि शव पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। उम्र करीब 40 साल है। जेब से कोई भी दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शव चार-पांच दिन पुराना लग रहा है। बदबू आने पर इसकी जानकारी हुई।
पुलिस का कहना है कि आशंका ये भी है कि कोई नशेड़ी व्यक्ति नशा करके रैंप पर सो गया होगा। जिसकी हार्ट अटैक या अन्य कारण से मौत हो गई। रैंप में कुछ जगह छूटी हुई है। जिस कारण शव उस जगह में फूलने के कारण फंस गया हो। पुलिस का कहना है कि अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है।