सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाते हुए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शराब कारोबारी पोंटी चड्ढा उर्फ गुरदीप सिंह के फार्म हाउस पर बुलडोजर चलाया। यह फार्म हाउस दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर में लगभग 10 एकड़ में बना हुआ है। जिसकी कीमत करीब 400 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीडीए के अधिकारियों के मुताबिक सरकारी जमीन को वापस लेने की दिशा में किए जा रहे कार्रवाई के तहत शुक्रवार को करीब पांच एकड़ जमीन हासिल की गई। यह कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। अधिकारियों के मुताबिक फार्म हाउस की शेष जमीन पर मुख्य भवन को ध्वस्त करने का काम किया गया।
इससे पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली में सरकारी जमीन को फिर से हासिल करने के लिए 13 से 17 जनवरी के बीच कार्रवाई की गई थी। इस दौरान गोकुल पुरी में हुए अनधिकृत अतिक्रमण जिसमें रेमंड्स, कार डीलर सहित वाणिज्यिक शोरूम शामिल थे को ध्वस्त किया गया। इन कार्रवाई से करीब चार एकड़ भूमि हासिल की गई।