दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) अब तक का अपना सबसे बड़ा हाउसिंग स्कीम लाने वाली है। इस सबसे बड़े हाउसिंग स्कीम में डीडीए 27000 फ्लैटों के साथ आ रहा है। अब तक की डीडीए की सबसे बड़ी स्कीम 2010 की रही है जिसमें वो 16118 फ्लैटों के साथ आई थी।
डीडीए के एक वरिष्ठ सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार स्कीम जो 2014 में आने वाली है और जिसके लिए लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं उसकी घोषणा जून में हो सकती है।
सूत्र के मुताबिक इस स्कीम में जिसमें सभी कैटेगरी के फ्लैट्स हैं उनमें सबसे ज्यादा यूनिट्स आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को अलॉट किए जाएंगे। इसके स्कीम के तहत ड्रॉ में लगभग 90% फ्लैट्स यानि 24000 यूनिट ईडब्ल्यूएस के लिए रखे जाएंगे।
सभी के लिए कुछ न कुछ है इस स्कीम में
डीडीए की 2014 की हाउसिंग स्कीम में 1500 फ्लैट्स मध्यम आय वर्ग के लिए और निम्न आय वर्ग के लिए होंगे जिनकी कीमत 30 से 80 लाख होगी।
इस स्कीम में 1375 फ्लैट्स उच्च आय वर्ग वालों के लिए होगी जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए से शुरू होगी। ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स की कीमत 12 लाख रुपए से शुरू होगी।
सूत्रों के मुताबिक इस बार ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स का निर्माण बिल्कुल नई प्री-फैब्रिकेटेड टेक्नोलॉजी से हुआ है। ये सारे फ्लैट्स नरेला, द्वारका, रोहिणी और सुल्तानगढ़ी में होंगे। प्राइवेट डेवलपर्स से सस्ते होने के कारण डीडीए स्कीम हमेशा बहुत ही पॉपुलर रही है।
2017 में आएगी 37000 फ्लैटों की स्कीम
डीडीए ने हाल ही में अपने बिकने से रह गए और खाली फ्लैट्स के संबंध में एक सर्वे कराया था ताकि उन्हें वो इस नई स्कीम में शामिल कर बेच सके। इस योजना में, पहले बिकने से रह गए और इसी साल बनकर तैयार हुए फ्लैटों को बेचा जाएगा।
हालांकि इसकी घोषणा होने में देरी केवल चुनाव के कारण हुई। डीडीए के सीनियर अधिकारी ने बताया कि अभी 37000 और फ्लैटों पर काम चल रहा है जो मार्च 2017 तक पूरा हो जाएगा। इसमें 25700 फ्लैट मध्यम आय वर्ग के लिए होंगे।
अधिकारी ने ये भी बताया कि साल के अंत तक 47000 और फ्लैटों पर काम शुरू हो जाएगा जिसकी प्लानिंग पूरी कर ली गई है।
डीडीए ने सीखा पुराने अनुभव से सबक
डीडीए के अधिकारी ने ये भी बताया कि अब डीडीए तभी हाउसिंग स्कीम की घोषणा करेगा जब वो पूरी तरह से बनकर और रहने लायक हो जाएं।
उन्होंने कहा कि पिछले अनुभवों से सबक लेते हुए अब जब तक रहने लायक फ्लैट न हो जाएं तब तक हम किसी स्कीम की घोषणा नहीं करेंगे।
पहले कई बार ऐसा हो चुका है कि प्राधिकरण स्कीम तो लॉन्च कर देता था पर ड्रॉ के कई महीने बाद भी आवंटी अपने फ्लैट में प्रवेश नहीं कर पाते थे जिससे डीडीए को बहुत आलोचना का सामना करना पड़ता था।