कासना कोतवाली क्षेत्र के बीटा-दो सेक्टर में एक महिला ने फांसी लगा ली। वह बेटी का जन्मदिन मनाना चाहती थी लेकिन पति ने इंकार कर दिया।
इंस्पेक्टर अनिल प्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से बिहार के मुंगेर निवासी रजनीश कुमार एक कंपनी में अकाउंट विभाग में तैनात हैं। वह पत्नी सोनम और सात साल की बेटी के साथ बीटा-दो के जे ब्लॉक में रहते हैं। शुक्रवार को उनकी बेटी का जन्मदिन था।
जन्मदिन मनाने को लेकर बृहस्पतिवार देर रात को दंपति के बीच विवाद हो गया। रजनीश के पिता की दो माह पहले मौत हो गई है, जिस कारण वो जन्मदिन मनाने से मना कर रहे थे।
इससे नाराज होकर सोनम कमरे से बाहर निकल आई और दरवाजा बंद कर दिया। सोनम ने दूसरे कमरे में पंखे से अपनी साड़ी का फांसी का फंदा लगाया और आत्महत्या कर ली। इसके बाद सोनम के मामा ने रजनीश और नातिन के कमरे का दरवाजा खोला।