डासना जेल में बंद दो बंदियों ने जेल स्टोर में वर्षों पुराने खराब पडे़ सीसीटीवी और कबाड़ से एक ऐसा कैमरा तैयार किया है, जोकि जेल की एक-एक गतिविधि को न केवल कैद कर सकता है।
बल्कि जेल की बैरकों और अधिकारियों के कमरों में लगे टीवी पर लाइव प्रसारण भी कर सकता है। जेल अधिकारियों ने इस अविष्कार को जुगाड़ कैमरे का नाम दिया है।
डासना जेल अधीक्षक एसपी यादव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विगत दिनों डासना जेल में आईपीएल की तर्ज पर जेपीएल (जेल क्रिकेट लीग) के तहत कई दिनों तक मैच हुए थे।
इसमें बंदियों की ही कई टीमें बनाकर उनके बीच मैच हुए थे। अधिकारी चाहते थे कि जेल की बैरकों में लगे सभी टीवी में इस मैच का लाइव प्रसारण किया जाए।
इसके लिए एक कैमरा खरीदे जाने की बात थी, मगर अपहरण के मामले में जेल में बंद अमरीश और राजू ने बताया कि जेल में खराब पडे़ सीसीटीवी और कुछ अन्य सामान से वह कैमरा तैयार कर सकता है।
अधिकारियों ने उन्हें सामान मुहैया कराया और दो दिन में ही दोनों बंदियों ने जुगाड़ कैमरा तैयार कर दिया।
जेल प्रशासन का कहना है कि इस जुगाड कैमरे से एक साथ सभी बैरकों और अधिकारियों के आफिसों में लगी एलसीडी पर लाइव मैच का लाइव टेलीकॉस्ट भी किया गया।
एसी मैकेनिक रहे बंदी अमरीश ने बताया कि कैमरा करीब 200 मीटर दूर चीज को जूम करके बिलकुल साफ दिखाता है।