नगर कोतवाली क्षेत्र में नाना के साथ मंदिर जाने की जिद पर अड़ी तीन साल की दलित बच्ची को पुजारी ने मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया। पुजारी और उसकी पत्नी ने दोनों बार दरवाजा बंद कर लिया।
पुजारी ने मंदिर को ब्राह्मणों का बताकर भविष्य में न आने की चेतावनी दी। साथ ही जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया। रिटायर्ड कानूनगो ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सुशीला विहार निवासी महावीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह राजस्व विभाग में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के पद से रिटायर्ड हैं। मोहल्ले में एक शिव मंदिर है।
पुजारी और उसकी पत्नी मंदिर की देखरेख करती है। गर्मी की छुट्टी के चलते बेटी मायके में आई हुई है। उसकी तीन साल की बच्ची (धेवती) 18 मई की शाम मंदिर जाने की जिद कर रही थी।