दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को एक बार फिर आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। आप नेता संजय सिंह और आशुतोष की रूस की यात्रा पर सवाल करते हुये कपिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि इसे शीतल प्रसाद सिंह नामक जिस व्यक्ति ने प्रायोजित की, उसका हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट के 400 करोड़ रुपये घोटाले से जुड़ी कंपनी से ताल्लुक है। मिश्रा ने इस बारे में केजरीवाल से कई सवाल पूछे हैं। साथ ही बगैर मुद्दे को भटकाये इनके जवाब जवाब की मांग की।
रविवार सुबह मीडिया से बात करते हुये कपिल मिश्रा ने आप से निकाले गये नेताओं प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव से माफी मांगी। वहीं, पार्टी को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिये एकजुट होने अपील भी की। मिश्रा ने क्लीन आप मुहिम की लांच करते हुये 7863037300 मिक्स्ड काल नंबर जारी किया। इस पर उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त आप, केजरीवाल मुक्त दिल्ली के लिये कॉल करने की लोगों से अपील की।
कपिल मिश्रा ने प्रशांत भूषण और योगेंद्र यादव से माफी मांगते हुये कहा कि अरिवंद केजरीवाल के इशारे पर उन्होंने दोनों के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसका अहसास उनको हो गया है। आज किसी को पार्टी छोड़ने की जरूरत नहीं है। इसकी जगह पर चार-पांच भ्रष्ट लोगों को निकालना है। इसके लिये सभी लोगों को एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वक्त राइट टू रिकॉल का आ गया है।
केजरीवाल से पूछे सवाल, चुप्पी तोडने की कही बात
Kapil Mishra
-क्या आपको शीतल सिंह के बारे में पता है जिन्होंने संजय सिंह व आशुतोष की रूस की यात्रा स्पांसर की?
-क्या आपको पता है शीतल सिंह हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट का बिजनेस करते हैं।
-क्या आपको पता है दिल्ली में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट का 400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है जिसकी जांच जारी है?
-क्या आपको मालूम है जिन कंपनियों के खिलाफ घोटाले की जांच चल रही है उनसे शीतल सिंह के सीधे संबंध रहे हैं?
-क्या आपको याद है 49 दिन की हमारी सरकार ने रोजरमाता एचएसआरपी वेंचर प्राइवेट लिमिटेड का ठेका रद्द करने का फैसला लिया। ये फैसला एक जांच कमिटी की रिपोर्ट के बाद लिया गया।
-क्या आपको पता है दुबारा सरकार बनने के बाद हमारी अपनी सरकार के फैसले को लागू नहीं किया गया। आखिर ऐसा क्यों? इस घोटाले का भांडा हमारी अपनी सरकार ने 49 दिनों के दौरान फोड़ा था।
-क्या आपको मालूम है कि इन कंपनियों में से कुछ लोगों के तार दुनिया के कई हवाला कारोबारियों से जुड़े हुए हैं?
-क्या अब भी आप चुप ही बैठे रहेंगे?
कपिल का कॉमेडी शो जारी है : संजय सिंह
kapil mishra
दूसरी तरफ संजय सिंह ने कहा कि कपिल मिश्रा का कॉमेडी शो चल रहा है। पहला झूठ था कि देश के खिलाफ काम करने विदेश गया। अब नम्बर प्लेट घोटाले की बात कर रहे हैं। कपिल कहते हैं कि सत्येंद्र जैन ने केजरीवाल को 2 करोड़ रुपये घूस दिया। लेकिन समय नहीं बता रहे। संजय ङ्क्षसह ने सलाह दी कि फिलहाल कपिल को मेडिटेशन की जरूरत है। रही बात %आप के भ्रष्टाचार की, तो उसकी जांच केंद्र सरकार की एजेंसियां कर सकती हैं। हमें किसी का डर नहीं है। भाजपा के तमाम नेता विदेशी दौरे करते हैं, उनकी सच्चाई भी सामने आनी चाहिए।
योगेंद्र-प्रशांत से माफी मांगने पर स्वराज इंडिया अध्यक्ष योगेंद्र यादव ने कहा कि माफी उनसे नहीं, देश के करोड़ों कार्यकर्ताओं से मांगनी चाहिये। उस कांड का पूरा सच जनता के सामने आना चाहिये। वहीं, प्रवक्ता अनुपम ने भी कहा कि उस दौर की पूरी साजिश बेनकाब होनी चाहिए। योगेंद्र और प्रशांत भूषण जी ने आम आप के अंदर संघर्ष किया था, सवाल किए थे। वो संघर्ष और सवाल व्यक्तिगत नहीं थे, बल्कि उन्हीं हजारों कार्यकर्ता, लाखों समर्थक व करोड़ों देशवासियों के थे, जो एक नई राजनीति का सपना लिए आंदोलन के साथी बन गए थे।