अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डाबरी के मधु विहार इलाके में हुई चाकूबाजी की घटना में घायल एक और युवक की मंगलवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय परवेज उर्फ हनी हुसैन के रूप में हुई है। इससे पहले इस हमले में डिलीवरी बॉय गोविंद झा की जान जा चुकी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
29 मार्च की रात हुई इस वारदात में घायल दो अन्य युवक—अनीस और रोहित का अस्पताल में इलाज जारी है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने दूसरी मौत की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान मामूली विवाद के बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
वारदात के बाद भागते समय आरोपियों ने रास्ते में मिले डिलीवरी बॉय पर भी हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी चाकू मारकर घायल किया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेम शर्मा और रोहित कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परवेज की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।