गुड़गांव की हीरा नगर कॉलोनी में रात करीब 8.50 बजे किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति के घर में खाना बनाते समय छोटे सिलेंडर ने आग पकड़ ली।
इससे पति-पत्नी और उनकी डेढ़ साल की बेटी करीब 90 फीसदी झुलस गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल से दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल रेफर किया गया है। इस हादसे में आठ अन्य लोग भी झुलस गए।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
आग बुझाते समय फट गया सिलेंडर और...
सूत्रों के मुताबिक, हीरानगर की गली नंबर तीन में ऊदल महतो (40) ने करीब दस दिन पहले कमरा लिया था।
रात में उसकी पत्नी रीना महतो (35) छोटे सिलेंडर पर खाना बना रही थी, तभी इससे लपटें निकलने लगीं और कमरे में सामान में आग लग गई। इससे पति-पत्नी और उनकी डेढ़ साल की बेटी खुशी झुलस गए।
आग देखकर पास ही रहने वाले लल्लन यादव, उनकी पत्नी इंदु, बेटा राहुल, बेटी नेहा, सुनील, उसकी पत्नी और दो बच्चे वहां पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी बीच सिलेंडर फट गया और ये भी बुरी तरह घायल हो गए।
मासूम ने अस्पताल में दम तोड़ा
उधर, दिल्ली के भजनपुरा में शनिवार को रसोई गैस सिलेंडर में रिसाव से घर में लगी आग में मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है। देर रात साढ़े छह साल के हुमैद ने इलाज के दौरान जीटीबी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, हुमैद 90 फीसदी से ज्यादा झुलस गया था। परिजनों ने उसकी हालत को देखते हुए निजी अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास भी किया, लेकिन तबीयत और बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो पाया।
रात करीब 1 बजे हुमैद की मौत हो गई। वहीं, भाई और मासूम बेटे को खोने के गम से आलमगीर गहरे सदमे में है।