राजधानी के भीड़भाड़ वाले कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन स्थित बिकानो चाट कैफे में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग जाने से अफरा-तफरी मच गई। आग में कैफे का एक कर्मचारी समेत दो लोग झुलस गए।
दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित बिकानो चाट कैफे में दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आग से पूरे स्टेशन पर धुआं फैल गया। आग में कैफे का कर्मचारी अनुज (23) और सामान का सप्लाई करने वाले कप्तान सिंह (33) का चेहरा और हाथ झुलस गया।
स्टेशन पर मौजूद सीआईएसएफ के जवानों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला और पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जवानों ने आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम के साथ-साथ दमकल विभाग को दी। साथ ही बाहर मौजूद लोगों की मदद से स्टेशन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
मौके पर पहुंची दमकल की आठ गाड़ियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि कैफे में इलेक्ट्रिक चूल्हे का इस्तेमाल होता है।
आशंका है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गौरतलब है कि कश्मीरी गेट स्टेशन पर दो लाइनों का इंटरचेंज है, इसलिए यहां हर समय भीड़ रहती है।
यात्रियों को समझ में नहीं आया हुआ क्या
घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच कुछ यात्रियों को समझ में ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। शास्त्री पार्क से जहांगीरपुरी जाने के लिए कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन पहुंची ममता ने बताया कि ऊपर वाली लाइन से स्टेशन पहुंचने के बाद जैसे ही वह नीचे आई, उसे सीआईएसएफ कर्मियों ने बाहर निकाल दिया। इस दौरान उसका टोकन भी उससे ले लिया गया। वहीं सीलमपुर से नोएडा जा रहे प्रमोद पाल ने बताया कि ऊपर वाली लाइन से वह कश्मीरी गेट पहुंचा और जहांगीरपुरी वाली लाइन पर जाने लगा। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उसे बाहर निकल जाने के लिए कहा।
छोटे लाउडस्पीकर का सहारा
आग लगने के बाद स्टेशन पर मौजूद एनाउंसमेंट सिस्टम बंद हो गया। इस वजह से सीआईएसएफ के जवानों को स्टेशन से लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में जवानों ने छोटे लाउडस्पीकर मंगवाए और उसके जरिए यात्रियों को स्टेशन परिसर में आग लगने की जानकारी दी।