दक्षिणी दिल्ली के फतेहपुर बेरी क्षेत्र में एक साइकिल सवार को कार से कथित तौर पर टक्कर मारने के आरोप में 26 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। इस दुर्घटना में घायल साइकिल सवार की बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने बातया कि शनिवार रात करीब आठ बजकर 40 मिनट पर जोनापुर-मंडी रोड स्थित रोजवुड फार्म के पास दुर्घटना होने की सूचना मिली। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची जहां अखिलेश घायल अवस्था में मिला। उन्होंने बताया कि घायल को एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया जहां उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों का फुटेज खंगाला और पाया कि दुर्घटना के समय सड़क पर एक स्विफ्ट डिजायर कार थी। अधिकारी ने बताया कि यह बात सामने आयी कि कार रमेश कुमार नामक एक व्यक्ति के नाम पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि रमेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात उसकी कार रोहित चला रहा था और कार उसी के पास है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) अतुल कुमार ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने आरोपी के आवास पर छापा मारा और उसे पकड़ लिया। रोहित ने बताया कि उसने कार मरम्मत के लिए फरीदाबाद में एक शोरुम में दी है। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद कार को फरीदाबाद से बरामद कर लिया गया जिसका अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त था।