अथॉरिटी की ओर से शिकायत में कहा गया है कि हैकर विदेशी एयरलाइंस कंपनियों को रकम से संबंधित मेल भेज रहे हैं।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के फाइनेंस डिपार्टमेंट के अधिकारी का ई-मेल हैक होने का मामला सामने आया है। अथॉरिटी की ओर से शिकायत में कहा गया है कि हैकर विदेशी एयरलाइंस कंपनियों को रकम से संबंधित मेल भेज रहे हैं।
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल को तफ्तीश सौंपी गई है। आर्थिक अपराध शाखा के अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के फाइनेंस डिपार्टमेंट के अधिकारी एस. सुरेश ने पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी को एक शिकायत दी है।
इसमें कहा है कि हैकर्स ने उनके और अन्य अफसरों के मेल को हैक कर लिया है। हैकिंग की बात सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट के आईटी डिपार्टमेंट से संपर्क किया। इसके बाद पता चला कि हैकर्स ने एएआई का सर्वर भी हैक कर लिया है।
एस. सुरेश के मुताबिक एएआई का 48 सौ देशी और विदेशी एयरलाइंस कंपनियों के साथ फाइनेंस से संबंधित गतिविधियां होती हैं। हैकर्स ने उन विदेशी एयरलाइंस कंपनियों को मेल भेजकर एकाउंट क्लीयर करने की मांग की है।
उन्होंने आशंका जताई है कि हैकर्र्स भविष्य में अवैध तरीके से रकम वसूली या फिर एएआई की गोपनीय जानकारी लीक करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने दिल्ली पुलिस आयुक्त से मामले की जांच कर उन हैकर्स को तत्काल बेनकाब करने की मांग की है, जिससे एक बड़े खतरे से बचा जा सके।