नबी करीम इलाके में बृहस्पतिवार रात फैक्ट्री मालिक से लिए उधार नहीं चुकाने पर एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी फैक्ट्री कर्मियों ने मालिक के इशारे पर सरेराह ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग पाते इससे पहले ही गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया। पुलिस फैक्ट्री मालिक की तलाश कर रही है।
मध्य जिला पुलिस उपायुक्त परमादित्य ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सिपाही अरुण कुमार और एएसआई अजय पहाड़गंज पुलिस बुथ के पास गश्त कर रहे थे।
पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपी वहां से भागने लगे
इसी दौरान उन लोगों ने किसी के बचाओ-बचाओ की आवाज सुनकर उस तरफ भागे। उन लोगों ने देखा कि तीन युवक एक युवक पर ब्लेड से हमला कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों को देखकर सभी आरोपी वहां से भागने लगे।
पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो हमलावरों को दबोच लिया। वहीं जख्मी युवक को इलाज के लिए लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की पहचान सीतामढ़ी बिहार निवासी मोहम्मद सद्दाम (30) के रूप में हुई। वहीं आरोपियों की पहचान दरभंगा बिहार निवासी शाहबुद्दीन (22) और मोहम्मद सज्जाद (22) के रूप में हुई।
उधार वापस नहीं किया तो किया ये हाल
मोहम्मद सज्जाद ने पुलिस को बताया कि वह और सद्दाम अमरपुरी में बैग बनाने वाली फैक्ट्री में काम करते थे। यह फैक्ट्री इजराइल नामक व्यक्ति की है। एक साल पूर्व सद्दाम ने नौकरी पकड़ते ही फैक्ट्री मालिक से 35 हजार रुपये उधार ले लिए और गांव चला गया।
एक साल बाद वह गांव से आया और तीन दिन काम करने के बाद वापस गांव चला गया। कुछ दिन पहले वह फिर वापस दिल्ली आया। फैक्ट्री मालिक ने उससे उधार वापस करने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया।
इस बात से गुस्साए इजराइल ने उसको सद्दाम की हत्या करने के लिए कहा और इसके एवज में पचास हजार रुपये देने का वादा किया। उसने शाहबुद्दीन और जुही के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।