फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर बाजारों में उमड़ी भीड़, शहर में जगह-जगह लगा जाम 

Fri, 25 Oct 2019 08:50 PM IST
Avdhesh Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन
धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। इससे शहर में हर जगह जाम नजर आया। बाजारों के आसपास सड़कों पर लोगों की परेशानी ज्यादा बढ़ गई। दोपहर बाद जाम की समस्या बढ़ते देख पुलिस ने अट्टा और भंगेल मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी। हालांकि, इस प्रयोग से बाजार की व्यवस्था तो सुधरी, लेकिन चौराहों पर लोगों की परेशानी बढ़ गई।
विज्ञापन


ट्रैफिक का सबसे बुरा हाल दादरी-सूरजपुर-छलेरा (डीएससी) मार्ग पर देखने को मिला। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में ट्रैफिक पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। अट्टा मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा और ऑटो सहित व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पहले ही प्रतिबंधित किया हुआ था। 

बाजार में भीड़ बढ़ते देख निजी वाहनों का प्रवेश भी रोक दिया। इसकी वजह से रजनीगंधा और अट्टा अंडरपास के ऊपर जाम जैसे हालात बने रहे। इसी तरह डीएससी मार्ग पर भंगेल बाजार में भी भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया। बरौला टी-प्वाइंट से होकर भंगेल के रास्ते फेज-दो की तरफ जाने वाले वाहनों को सलारपुर पुलिस चौकी से पहले बने यू-टर्न से वापस मोड़ दिया गया। 
विज्ञापन


यहां से सेक्टर-100 होकर सेक्टर-82 के रास्ते वाहन वापस डीएससी मार्ग पर पहुंचे। हरौला बाजार में भीड़ बढ़ने की वजह से लोगों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा। इसी तरह होशियापुर और एमपी-1 मार्ग पर सेक्टर-12 में मुख्य मार्ग पर जाम से वाहनों की कतारें लग गईं। सेक्टर-18 बाजार में वाहनों की भीड़ बढ़ने से फिल्म सिटी से लेकर अट्टा अंडरपास तक वाहन रेंगकर चलते रहे। देर रात तक बाजारों के आसपास यातायात व्यवस्था चरमराई रही।

शाम होते और बिगड़ गए हालात

शाम होते ही हालात बिल्कुल बिगड़ चुके थे। उद्योग मार्ग के गोल चक्कर चौराहे से लेकर सेक्टर-18 के मेट्रो स्टेशन तक लोगों को भयंकर जाम से जूझना पड़ा। सेक्टर-16, नया बांस और पर वाहनों की पार्किंग के कारण जाम की समस्या गहरा गई। सड़कों पर ही वाहनों को पार्क कर लोग खरीदारी में व्यस्त हो गए। 

ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन के जरिये कई वाहनों को टो भी किया। इस दौरान मोबाइल से फोटो खींचकर चालान भी काटे गए। ईएसआई अस्पताल के आसपास और बरौला और भंगेल में भी जाम की स्थिति दिखाई दी।

कट बंद होने से व्यापारी नाराज

अट्टा मार्ग पर भीड़ बढ़ने से पुलिस ने अट्टा और सेक्टर-18 बाजार के बीच चाइना कट बंद करा दिया। व्यापारियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पहले ही ग्राहकों की कमी बाजार में बनी हुई है। अब कट बंद कर सेक्टर-18 के व्यापारियों की समस्या और बढ़ा दी गई है। शाम को व्यापारियों ने स्थानीय पुलिस से बातचीत की तो भीड़ नियंत्रित होने पर कट खोलने का आश्वासन दिया गया।


 
विज्ञापन

ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के बावजूद पूरे दिन जाम से जूझता रहा शहर

गुरुग्राम में धनतेरस पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ के  कारण शुक्रवार को पूरे शहर में जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद पूरे दिन शहरवासी जाम में जूझते रहें। नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की, लेकिन सड़कों पर वाहनों के बेतरतीब निकलने से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।  

पुराने शहर में बस स्टैंड के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया। पार्किंग की जगह न मिलने के कारण सिविल अस्पताल, पुराने नगर निगम कार्यालय के आगे वाहन चालक गाड़ियां खड़ी कर निकल गए। न्यू रेलवे रोड, ओल्ड रेलवे रोड, मोर चौक, सेक्टर-14 रोड, दिल्ली-महरौली रोड, महावीर चौक पर घंटों जाम लगा रहा। इसके अलावा सोहना चौक पर भी जाम लगा। इसके अलावा हांगकांग बाजार, आर्केडिया मार्केट, गलैरिया मार्केट के आसपास भी जाम की स्थिति बनी रही। 

एक्सप्रेसवे पर हादसे के बाद लगा जाम 

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर को हादसे के बाद जाम लग गया। इफको चौक फ्लाईओवर के ऊपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक्सप्रेसवे की एक लेन पर ट्रैफिक रूक गया। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों की लंबी लाइन लग गई। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंच दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर ट्रैफिक सुचारू करवाया। 

सदर बाजार में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध 

जाम की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को सदर बाजार में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया। बाजार के दोनों तरफ नाका लगाकर पुलिस ने वाहनों को रोका। बाजार के अंदर घुसने वाले दोपहिया वाहनों को भी पुलिस ने बाहर निकाला। बाजार में आने वाले वाहनों के लिए ओल्ड जेल मैदान में फ्री पार्किंग की सुविधा शुरू की। जेल चौक पर ट्रैफिक पुलिस के जवान वाहन चालकों को पार्किंग के बारे में जानकारी देते रहे। दिवाली तक पुलिस की ओर से ट्रैफिक के इंतजाम इसी तरह रहेंगे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें