महानगर के गांधीनगर इलाके की भाजपा पार्षद अलका और उनके पति ने पड़ोस के ही किशोर से कुत्ते को लेकर हुए विवाद में किशोर को घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। सोमवार सुबह हुए इस घटनाक्रम ने शाम को उस समय तूल पकड़ लिया, जब किशोर की हालत बिगड़ गई और उसे जेएन मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया गया। इस खबर पर किशोर के परिवार व मोहल्ले के लोगों ने पार्षद का घर घेरकर जमकर हंगामा काटा और पार्षद पति की जमकर धुनाई कर दी। इतना ही नहीं पार्षद के घर पर पथराव कर उसका स्कूटर तक बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। किसी तरह पहुंची पुलिस ने भीड़ के चंगुल से पार्षद पति को बचाकर थाने भेजा और हंगामा शांत कराया। देर रात किशोर के परिजनों की तहरीर पर पार्षद पति को हिरासत में लेकर मुकदमे आदि की औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं।
वाकये के अनुसार गांधीपार्क क्षेत्र की बैंक कालोनी निवासी वार्ड-33 की भाजपा पार्षद अलका गुप्ता के घर के सामने राजकुमार का घर है। राजकुमार का 16 वर्षीय भतीजा निखिल सुबह अपने पालतू कुत्ते को नहला रहा था। इसी दौरान पार्षद की बेटी पूजा करने के लिए मंदिर के लिए निकली। इधर, कुत्ता निखिल के हाथ से छूटकर पार्षद की बेटी पर भौंकने लगा। बेटी ने निखिल पर जानबूझकर कुत्ते को छोड़ने का आरोप लगाते हुए दोनों में विवाद हो गया।
आरोप है कि पहले पार्षद की बेटी ने निखिलके हाथ में लगा लौटा मार दिया। इस पर निखिल ने भी उसे धक्का दे दिया। बाद में पार्षद की बेटी ने इस संबंध में घर जाकर अपनी मां से शिकायत की। इस पर बौखलाए पार्षद पति योगेश गुप्ता और अलका गुप्ता ने निखिल की पिटाई लगा दी। आरोप है कि परिजनों के समझाने के बाद भी योगेश गुप्ता निखिल को अपने घर में घसीटते हुए ले गया और बंधकर बनाकर फिर से पिटना शुरू कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस बुला ली और निखिल को पुलिस के हवाले कर दिया। निखिल के ताऊ राजकुमार का आरोप है कि पुलिस ने घायल भतीजे को शाम चार बजे थाने में रखा। बाद में पार्षद से लिखित समझौता होने के बाद ही उसे छोड़ा गया। घर आते ही निखिल की हालत बिगड़ गई। पिटाई के दौरान लगीं अंदरूनी चोटों के कारण उसे खून की उल्टियां होने लगीं। निखिल को क्वार्सी स्थित निजी ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे जेएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। राजकुमार के अनुसार भतीजे की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
निखिल की यह हालत देख गुस्साए परिजन पार्षद पति के घर पहुंच गए। हंगामा होता देख पड़ोसी भी आ गए। निखिल के ताऊ राजकुमार ने पूरा वाकया पड़ोसियों को बताया तो वह आक्रोश में आ गए। पार्षद पति के घर के सामने हंगामा करने के साथ ही उसकी धुनाई कर दी। कुछ लोगों ने पार्षद के घर पर पथराव कर उसका स्कूटर बाहर खींचकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। हंगामे और पथराव की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। किसी तरह से लोगों के चंगुल से योगेश गुप्ता को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया। राजकुमार के अनुसार निखिल के पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी दो बहनों और मां के साथ यहां रहता है। एचबी इंटर कालेज से दसवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा है।
पार्षद अलका गुप्ता के पति योगेश गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। निखिल के ताऊ ने मामले में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। एहतियातन पुलिस कर्मियों को वहां तैनात कर रखा है।
- धीरेंद्र मोहन शर्मा, इंस्पेक्टर, गांधी पार्क