रोहतक रोड पर करीब चार किलोमीटर लंबी ऐसी जगह है जिस पर कई बार दिल्ली का राजनीतिक परिदृश्य बदलता है। यहां पीरागढ़ी चौक से पंजाबी बाग चौक तक लाल बत्ती पार करते ही नया संसदीय क्षेत्र आ जाता है। चार किलोमीटर के इस दायरे में चार संसदीय क्षेत्र है। इस संजोग से क्षेत्र के अधिकतर लोग अनभिज्ञ है।
रोहतक रोड पर टिकरी बॉर्डर से पीरा गढ़ी चौक तक दोनों ओर उत्तर पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है, वहीं पंजाबी बाग चौक से रानी झांसी रोड तक एक ओर नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र है तो दूसरी ओर चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। मगर रोहतक रोड पर पीरागढ़ी चौक से पंजाबी बाग के बीच के हिस्से में अजीब संयोग बना हुआ है। यह चार किलोमीटर लंबा दायरा चार संसदीय क्षेत्रों में बंटा हुआ है।
पीरागढ़ी चौक उत्तर-पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र में आता है। नांगलोई विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इस चौक को पार करते ही चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र शुरू हो जाता है।
करीब डेढ़ किलोमीटर तक चांदनी चौक क्षेत्र का शकूर बस्ती विस क्षेत्र है। यहां आयुद्घ भंडार चौक की लाल बत्ती के बाद पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र शुरू हो जाता है। करीब दो किलोमीटर तक मादीपुर विस क्षेत्र की विभिन्न कालोनी रोहतक रोड पर बसी है। यह विस क्षेत्र पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र के अधीन है।
पंजाबी बाग चौक पार करते ही नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र शुरू हो जाता है। यहां दाएं ओर इस क्षेत्र के तहत आने वाले मोती नगर विधानसभा क्षेत्र की कालोनियों बसी हुई है। इस तरह यह करीब चार किलोमीटर रोड दिल्ली की 60 फीसदी संसदीय क्षेत्रों को छू रहा है।