आने वाला सप्ताह चुनाव और सरकारी छुट्टियों में ही बीतेगा।
अगर बैंक या सरकारी दफ्तर में किसी तरह का काम अटका हुआ है तो उसे आज या फिर सोमवार को निपटा लेने में ही समझदारी है। अन्यथा सप्ताह भर इंतजार करना पड़ सकता है।
दरअसल, आठ अप्रैल को राम नवमी के मौके पर सरकारी अवकाश घोषित है। लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में लगे सरकारी कर्मियों को नौ अप्रैल की सुबह नौ बजे निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर अपनी उपस्थिति और प्रशिक्षण की रिपोर्ट फाइल करनी है।
यह भी पढ़ें: घर में ही राहुल गांधी के साथ बड़ा धोखा
नौ अप्रैल को ही ड्यूटी और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का वितरण किया जाना है। दस अप्रैल को मतदान होना है। देर शाम मतदान संपन्न कराने के बाद चुनावी कर्मियों को ईवीएम मशीन स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करानी होगी। ईवीएम जमा कराने में अमूमन रात के दो-तीन बज जाते हैं।
चुनावी ड्यूटी करने के बाद अगले दिन अवकाश लेने की छूट है। ऐसे में उस दिन भी कर्मचारियों के दफ्तर में बैठने की उम्मीद करना बेमानी है। 12 अप्रैल को माह का दूसरा शनिवार है। उस दिन सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे।
हालांकि बैंकों का हाफ डे रहेगा। 13 अप्रैल को रविवार और 14 अप्रैल सोमवार को अंबेडकर जयंती के चलते सरकारी अवकाश है। ऐसे में मंगलवार से दोबारा काम शुरू हो पाएगा।