मेरठ से 25 लाख लूटकर भागे बदमाशों ने पुलिस को मुठभेड़ से पहले खूब छकाया। मुठभेड़ के दौरान खेत में घिरने के बाद दो बदमाश घायल हो गए तीसरे ने सरेंडर कर दिया।
मगर चौथा बदमाश चकमा दे गया। उसने अपनी जैकेट गन्ने पर टांग दी और पुलिस बदमाश समझकर जैकेट पर ही गोलियां बरसाती रही जबकि वह फरार हो चुका था। जब काफी देर तक कोई हरकत न हुई तो पुलिस अंदर घुसी तो देखा बदमाश गायब था।
इससे पहले पुलिस और बदमाशों के बीच निवाड़ी थाना क्षेत्र के नगला मूसा गांव स्थित ईख के खेत में करीब साढ़े तीन घंटे मुठभेड़ चली। सिपाही को गोली लगने की सूचना पर भारी संख्या में पहुंची मेरठ और गाजियाबाद पुलिस ने चारों ओर से खेत घेर लिया था। पूरे ऑपरेशन के दौरान एएसपी मीनाक्षी भी फोर्स के साथ रहीं।